Sunday, September 27, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

तीन दिवसीय सूर्य महोत्सव का हुआ आगाज़,
बॉलीवुड कलाकार अपूर्वा प्रियदर्शी और कुणाल गांजावाला ने दी एक से बढ़कर एक प्रस्तुति

औरंगाबाद, बिहार।

छठ पूजा को लेकर पूरे विश्व में प्रसिद्ध सूर्य नगरी देव में 3 दिवसीय सूर्य महोत्सव का आगाज कर दिया गया है। इस कार्यक्रम का उद्घाटन राज्य के पर्यटन मंत्री प्रेम कुमार और अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की। कार्यक्रम में आए बॉलीवुड के सुप्रसिद्ध गायक कुणाल गांजेवाला और अपूर्वा प्रियदर्शी ने अपने गायन से महफिल में शमा बांध दिया।

हाल ही में पिछले पर्यटन मंत्री तेजस्वी यादव द्वारा छठ पूजा के लिए विश्व प्रसिद्ध देव को राजकीय मेले का दर्जा दिया गया था। इसी देव में हर वर्ष सूर्य भगवान के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में 3 दिवसीय सूर्य महोत्सव मनाया जाता है। इस बार 16 फरवरी से लेकर 18 फरवरी तक सूर्य महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन बिहार सरकार के पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन के सहयोग से किया जा रहा है।

इस कार्यक्रम की शुरुआत 16 फरवरी की शाम पर्यटन मंत्री प्रेम कुमार, औरंगाबाद सांसद सुशील कुमार सिंह, विधायक आनंद शंकर सिंह, डीएम श्रीकांत शास्त्री और एसपी स्वप्न गौतम मेश्राम ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। मेले के उद्घाटन के बाद उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए पर्यटन मंत्री प्रेम कुमार ने देव के चतुर्दिक विकास को लेकर सरकार की सोच को लोगों के सामने रखा। उन्होंने कहा कि 9 करोड़ की लागत से देव के विकास की कई योजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देव एक ऐतिहासिक जगह है यहां के छठ पूजा विश्व प्रसिद्ध है अतः इस स्थल को आकर्षक पर्यटन स्थल बनाया जाएगा।


उन्होंने कहा कि देव में देश के कोने कोने से श्रद्धालु आते है ऐसी स्थिति में इसकी महता को बरकरार रखने के लिए कई योजनाओं की डीपीआर शीघ्र बनाई जाएगी और शीघ्र ही परामर्शदात्री कमिटी गठित कर कई उल्लेखनीय कार्य शुरू किए जाएंगे।
भगवान सूर्य के जन्मोत्सव को लेकर ऐतिहासिक देव का सूर्य मंदिर दुल्हन की तरह सज धज कर तैयार है। तीन दिनों तक पूरा देव जगमग रहेगा। बंगाल के कारीगरों द्वारा भव्य तरीके से मंदिर तथा आस पास के जगहों को सजाया गया है।

सूर्य नगरी देव में गुरुवार को भगवान् सूर्य की भव्य रथ-यात्रा निकाली गयी। देव किला से निकाली गयी इस रथ-यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और नगर भ्रमण किया।रथ यात्रा को लेकर पुरे देव का माहौल भक्तिमय बना हुआ था।

तीन दिवसीय इस महोत्सव के पहले दिन बॉलीवुड की प्रसिद्ध गायिका अपूर्वा प्रियदर्शी और प्रख्यात सिंगर कुणाल गांजावाला ने अपने गायन से माहौल में गर्मी ला दी।

उद्घाटन के बाद “सास गारी देवे देवरजी समझा लेवे, ससुराल गेंदा फूल। सैंया छेड़ देवे, ननद चुटकी लेवे, ससुराल गेंदा फूल”.. गीत गाकर मशहूर हुई गायिका अपूर्वा प्रियदर्शी ने एक से बढ़कर एक गीतों की प्रस्तुति दी। साथ ही “दिल कह रहा है तुझसे युं रिश्ता जोड़ लूँ तेरी धड़कनों को छू लूँ तेरा जिस्म ओढ़ लूँ तेरी धड़कनों को छू लूँ तेरा जिस्म ओढ़ लूँ ” से चर्चे में आए प्रख्यात सिंगर कुणाल गांजावाला ने भी अपने गायन से शमा बांध दिया।

महोत्सव के दौरान सुरक्षा का पुख्ता प्रबंध किया गया है। सूर्य मंदिर में न्यास समिति के ‘द्वारा भगवान सूर्य का जन्मोत्सव मनाया गया। विधिवत पूजन किया गया। श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण की गई। कार्यक्रम में सैकड़ो की संख्या में लोग मौजूद रहे।

editor
editorhttps://hindexpressnews.com
हिन्दी की भाषाई शुद्धता को बरकरार रखते हुए क्षेत्रीय खबरों को आप तक पहुंचाने का एकमात्र जरिया है।

Popular Articles

error: Content is protected !!