Tuesday, May 26, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

दाउदनगर के केसराड़ी में चर्चित कुंदन  यादव हत्याकांड का खुलासा, SIT की कार्रवाई में दो गिरफ्तार, रेकी में प्रयुक्त बाइक बरामद

औरंगाबाद(राजेश रंजन)। जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत केसराड़ी गांव निवासी कुंदन कुमार सिंह यादव हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) के गठन के बाद तकनीकी साक्ष्य एवं गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना से पहले रेकी करने में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस ने दावा किया है कि मामले में शामिल अन्य नामजद, अप्राथमिकी अभियुक्तों एवं अज्ञात बाइक सवार शूटरों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 मई 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि भूईया बिगहा-केसराड़ी मोड़ के समीप एक व्यक्ति को अपराधियों द्वारा गोली मार दी गई है। गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को आनन-फानन में इलाज के लिए अरविंद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम अरविंद हॉस्पिटल पहुंची और शव की पहचान दाउदनगर थाना क्षेत्र के केसराड़ी गांव निवासी कुंदन कुमार सिंह, उम्र करीब 50 वर्ष, पिता इन्द्रेव सिंह के रूप में की गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक के पुत्र गोल्डेन कुमार के लिखित आवेदन के आधार पर दाउदनगर थाना में कांड संख्या-338/26 दिनांक 20 मई 2026 को दर्ज किया गया। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 61(2), 3(5) बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की।
मामले में पुलिस ने केसराड़ी गांव निवासी पांच लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है। इनमें रविन्द्र पासवान, उम्र 25 वर्ष, पिता कमलेश पासवान, नितीश पासवान, उम्र 30 वर्ष, पिता मोहन पासवान, कंचन पासवान, उम्र 32 वर्ष, पिता राम प्रवेश पासवान, सुरेन्द्र सिंह, उम्र 60 वर्ष, पिता स्वर्गीय मधेश्वर सिंह तथा गौतम कुमार सिंह उर्फ छोटू सिंह, उम्र 32 वर्ष, पिता सुरेन्द्र सिंह शामिल हैं। इसके अलावा घटना में शामिल दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवार शूटरों को भी अभियुक्त बनाया गया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, औरंगाबाद के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, दाउदनगर के नेतृत्व में थाना स्तर पर एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने लगातार तकनीकी अनुसंधान, मोबाइल लोकेशन, गुप्त सूचना एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटना में शामिल प्राथमिकी अभियुक्त उज्जवल नारायण उर्फ कंचन कुमार, उम्र करीब 30 वर्ष, पिता रामप्रवेश राम, निवासी केसराड़ी थाना दाउदनगर जिला औरंगाबाद को गिरफ्तार किया। इसके अलावा पुलिस ने अप्राथमिकी अभियुक्त आनंद कुमार उर्फ नंद कुमार, उम्र करीब 25 वर्ष, पिता अभय राम, निवासी केसराड़ी थाना दाउदनगर जिला औरंगाबाद को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों से पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुई हैं। दोनों की निशानदेही पर घटना से पहले रेकी करने में प्रयुक्त एक काले रंग की प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की गई है। बरामद मोटरसाइकिल का रजिस्ट्रेशन नंबर BR26U9239 बताया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या की इस वारदात में शामिल अन्य नामजद एवं अप्राथमिकी अभियुक्तों के साथ-साथ अज्ञात शूटरों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। तकनीकी साक्ष्य के आधार पर पुलिस तेजी से आगे की कार्रवाई कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का पूर्ण खुलासा कर दिया जाएगा।
इस पूरे मामले के अनुसंधान एवं छापेमारी अभियान में दाउदनगर थाना के थानाध्यक्ष सह अनुसंधानकर्ता पुलिस निरीक्षक विकास कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इनके अलावा पुलिस अवर निरीक्षक परमानंद कुमार यादव, सुदीश कुमार, नेहा कुमारी, अभिषेक कुमार, विक्की कुमार एवं अनिल कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी टीम में शामिल रहे।
इसके साथ ही सिपाही दीपक कुमार, सोनू कुमार एवं अनुप कुमार ने भी छापेमारी अभियान एवं गिरफ्तारी कार्रवाई में सक्रिय भूमिका निभाई। पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है तथा लोग मामले के अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी का इंतजार कर रहे हैं।

editor
editorhttps://hindexpressnews.com
हिन्दी की भाषाई शुद्धता को बरकरार रखते हुए क्षेत्रीय खबरों को आप तक पहुंचाने का एकमात्र जरिया है।

Popular Articles

error: Content is protected !!