Saturday, May 23, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

16 मई से गायब 4 वर्षीय बच्चे को पुलिस ने किया बरामद, गया की महिला ने बहला फुसला कर किया था अपहरण, आईजी का खुलासा

औरंगाबाद(राजेश रंजन)। 16 मई को बट सावित्री पूजा के दौरान जिले के ओबरा देवी मंदिर से गायब हुए बच्चे को गयाजी से सकुशल बरामद कर लिया गया है। बट सावित्री पूजा के दौरान ही गयाजी की रहने वाली महिला ने बच्चे को बहला फुसलाकर किडनैप कर लिया था । मगध रेंज के आईजी विकास वैभव ने घटना के बाद एसआईटी टीम का गठन किया था । जिसके बाद जगह-जगह सीसीटीवी फुटेज कंगाल ने के बाद गयाजी शहर के डेल्हा से बच्चे को बरामद किया गया है। वहीं महिला अपहर्ता को गिरफ्तार कर लिया गया है।

औरंगाबाद जिले के ओबरा थानान्तर्गत देवी मंदिर परिसर से 16 मई को एक 4 वर्षीय बालक आदविक प्रसाद का एक महिला ने अपहरण कर लिया था। 16 मई को बट सावित्री की पूजा थी और बच्चे की मां देवी मंदिर स्थित बट वृक्ष के समीप पूजा कर रही थी। बच्चा वहीं पास में खेल रहा था। इसी बीच महिला अपहर्ता बच्चे को लेकर फरार हो गई। उसे अनुग्रह नारायण रेलवे स्टेशन से होते हुए गयाजी ले जाकर छिप गई।

घटना के सम्बंध में मगध रेंज के आईजी विकास वैभव ने बताया कि ओबरा थाना क्षेत्र के सूर्य मंदिर रोड निवासी सुधीर प्रसाद ने 16 मई को पुलिस को सूचना दी थी कि 4 वर्षीय उनका पुत्र अद्विक प्रसाद देवी मंदिर के पास से गायब है। गुमशुदगी की सूचना पर ओबरा थाना द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए वरीय पदाधिकारी को सूचित किया गया ।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, औरंगाबाद को तत्काल आसपास के क्षेत्रों में लगे सी०सी०टी०वी० फूटेज का अवलोकन करने एवं अन्य तकनीकि माध्यमों की सहायता से बच्चे की सकुशल बरामदगी हेतु निर्देशित किया गया। प्रारंभिक तौर पर सी०सी०टी०वी० फूटेज के अवलोकन में पाया गया कि एक अज्ञात महिला के द्वारा उक्त बच्चे का अपहरण कर अनुग्रह नारायण रेलवे स्टेशन औरंगाबाद से ट्रेन के माध्यम से अन्यत्र ले जाया गया है। मामले की गंभीरता एवं संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक महोदय द्वारा अपर पुलिस अधीक्षक-सह-अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, दाउदनगर के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान दल का गठन किया गया था। एसआईटी को रेलवे पुलिस, स्थानीय पुलिस एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर तकनीकि एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर बच्चे की सकुशल बरामदगी एवं इसमें सम्मिलित अभियुक्तों की त्वरित गिरफ्तारी करने का निर्देश दिया गया था। उक्त निर्देश के आलोक में एसआईटी टीम के अलावे पुलिस अधीक्षक, औरंगाबाद के द्वारा अन्य 15 टीम का गठन कर विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर गया, कोडरमा, गोमो, धनबाद, आसनसोल तक सभी जगह पहुँच कर सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया गया। तो इसी क्रम में गयाजी रेलवे स्टेशन पर अज्ञात महिला के साथ उक्त बच्चा को देखा गया।

गयाजी रेलवे प्लेटफार्म पर बच्चे के साथ दिखी महिला
आईजी विकास वैभव ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उक्त महिला का पीछा किया गया तो देखा गया कि डेल्हा बस स्टैन्ड पर महिला बच्चे के साथ एक टोटो से उतर कर पैदल खरखुरा रोड की ओर जा रही थी। पुनः सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि खरखुरा रोड में गुरूकुल इंटरनेशनल स्कूल के बगल में स्थित राकेश कुमार पिता राजेन्द्र प्रसाद के घर में प्रवेश की है। लोकेशन ट्रेस होने के बाद गया में उपस्थित गया औरंगाबाद के संयुक्त टीम के द्वारा उस घर की विधिवत तलाशी ली गई । तलाशी के क्रम में सीसीटीवी फुटेज में दिख रही घटना करने वाली महिला एवं अपहृत बच्चे को खरखूरा रोड में आरोपी महिला के किराये वाले रूम से बरामद किया गया।
अपहर्ता महिला की पहचान गयाजी जिले के कोंच थाना क्षेत्र के दूल्हा बिगहा गांव निवासी रविन्द्र पासवान की 40 वर्षीय पत्नी रंजू देवी के रूप में की गई है। जो वर्तमान में डेल्हा थाना, खरखुरा रोड, गयाजी में रह रही थी। अपहृत बच्चे अद्विक कुमार उम्र करीब 04 साल को सकुशल बरामद कर रंजू देवी को विधिवत गिरफ्तार किया गया है।
आईजी ने बताया कि वहां एक अन्य बच्चा भी मिला है जिसकी भी जांच की जा रही है। अन्य कांडों में संलिप्ता के बारे में उक्त रंजु देवी से पुछताछ की जा रही है।

editor
editorhttps://hindexpressnews.com
हिन्दी की भाषाई शुद्धता को बरकरार रखते हुए क्षेत्रीय खबरों को आप तक पहुंचाने का एकमात्र जरिया है।

Popular Articles

error: Content is protected !!