औरंगाबाद (राजेश रंजन)। जिले के पटना कैनाल में अज्ञात महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। शव बारुण थाना क्षेत्र के बारुण-दाउदनगर मुख्य सड़क से भलुआ गाँव जाने वाले रास्ते में स्थित नहर के पईन में पाया गया। सूचना मिलते ही बारुण थानाध्यक्ष रंजीत कुमार, एसआई रिमझिम कुमारी, एसआई श्रीनाथ मंडल और एएसआई धर्मेंद्र कुमार दलबल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुँचे। मृतक महिला के गले में रस्सी और दुपट्टा बंधा हुआ पाया गया है। शव की स्थिति और गले के निशान प्रथम दृष्टया इस ओर इशारा कर रहे हैं कि महिला की गला घोंटकर हत्या की गई है और साक्ष्य छुपाने की नीयत से शव को यहाँ फेंका गया है।

पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की। फिलहाल, महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की गहन जाँच शुरू कर दी है।



