औरंगाबाद(राजेश रंजन)। जिले के पौथु थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जहां सुबह-सुबह कोचिंग जा रही है छात्राओं को अनियंत्रित स्कॉर्पियो वाहन ने कुचल दिया। इस घटना में 2 छात्राओं की मौत हो गई है। दोनों रिश्ते में चचेरी बहनें थी। घटना थाना क्षेत्र के भतारी मोड गांव के समीप की है। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने सड़क को जाम कर दिया है।
जिले के पौथू थाना क्षेत्र के भतारी गांव के मोड़ पर अनियंत्रित तेज रफ्तार स्कार्पियो वाहन ने कोचिंग जा रही छात्राओं को कुचल दिया है। इस दर्दनाक घटना में 2 छात्रा बुरी तरह कुचल गई। घटना इतनी दर्दनाक थी की एक छात्रा की मौत मौके पर ही हो गई जबकि दूसरी छात्रा की मौत अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में हो गई। दोनों मृत छात्राएं आपस में चचेरी बहने थी।
मृत छात्राओं की पहचान ओबरा थाना क्षेत्र के नरौला गांव निवासी मोहम्मद रियाजुद्दीन की 15 वर्षीय पुत्री अफसरी तथा रुस्तम अली की 15 वर्षीय पुत्री आशिया के रूप में की गई है। दोनों छात्राएं कोचिंग से पढ़ाई कर अपने घर लौट रही थीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पहले सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। पास से सायकिल से गुजर रही दोनों छात्राएं उसकी चपेट में आ गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने दोनों छात्राओं को तत्काल अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने ओबरा–पौथू मार्ग पर भतारी मोड़ के समीप सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने दोषी चालक की तत्काल गिरफ्तारी, पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा और क्षेत्र में सड़क सुरक्षा के स्थायी इंतजाम की मांग की.
सड़क जाम के कारण ओबरा–पौथू मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
घटना के संबंध में औरंगाबाद सदर एसडीपीओ -02 आदित्य कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे हैं। जाम लगाए आक्रोशित परिजनों से बात की जा रही है उन्हें समझाने का प्रयास किया जा रहा है। उम्मीद है जल्द ही जाम हट जायेगा।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया है. फरार चालक की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।


