Monday, August 17, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

प्रशासन एकादश ने पत्रकार टीम को हराकर जीता मैत्री क्रिकेट मुकाबला


औरंगाबाद (राजेश रंजन)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रविवार को पुलिस लाइन मैदान में जिला प्रशासन एकादश और पत्रकार एकादश के बीच फैंसी क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। रोमांचक मुकाबले में जिला प्रशासन एकादश ने पत्रकार एकादश को तीन विकेट से शिकस्त देकर जीत अपने नाम की।
मुकाबले में टॉस जीतकर पत्रकार एकादश ने पहले बल्लेबाजी चुनी। टीम ने निर्धारित 12 ओवर में आठ विकेट खोकर 75 रन बनाए। इस तरह प्रशासन एकादश के सामने जीत के लिए 76 रनों का लक्ष्य रखा गया।
लक्ष्य का पीछा करने मैदान में उतरी प्रशासन एकादश की शुरुआत बहुत प्रभावशाली नहीं रही। टीम के लिए एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा ने 20 रनों की उपयोगी पारी खेली, जबकि सदर एसडीओ गौरव सिंह ने आठ रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों के पवेलियन लौटने के बाद कुछ समय के लिए प्रशासन की टीम पर दबाव बढ़ा, लेकिन मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने संयम के साथ खेलते हुए टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया।
अंततः प्रशासन एकादश ने सात विकेट गंवाकर 76 रन बनाते हुए मुकाबला तीन विकेट से अपने नाम कर लिया। जीत के साथ प्रशासन एकादश के खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिला।
मैदान पर दिखा सौहार्दपूर्ण माहौल
मैच के दौरान खेल के साथ-साथ अधिकारियों और पत्रकारों के बीच आपसी सौहार्द और मित्रता का माहौल भी देखने को मिला। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आयोजित इस मैत्रीपूर्ण मुकाबले ने प्रशासन, मीडिया और आम दर्शकों को एक साथ जुड़ने और मनोरंजन का अवसर दिया।
मुख्यालय पुलिस उपाधिक्षक विनोद कुमार सिंह ने कमेंट्री कर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
दर्शकों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
मुकाबला देखने के लिए पुलिस लाइन मैदान में दर्शकों की भी अच्छी मौजूदगी रही। दर्शकों ने चौके-छक्कों और विकेट के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया तथा तालियों से उनका हौसला बढ़ाया।
जिला प्रशासन एकादश की टीम में वरीय उप समाहर्ता रितेश यादव, श्वेत सुमन, अभिनव प्रकाश, दीपक, विशाल, ट्रैफिक पुलिस उपाधीक्षक समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे।
वहीं पत्रकारों की तरफ से धीरेन्द्र पाण्डेय, सुधांशु कुमार, चितरंजन नीरज, कुमार शुभम, मंटू कुमार, सनीस कुमार, प्रियदर्शी किशोर, मनोज पाण्डेय, अनिल, राजेश रंजन समेत अन्य पत्रकार शामिल रहे।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित यह फैंसी क्रिकेट मुकाबला खेल भावना, आपसी समन्वय और सौहार्द का संदेश देते हुए खिलाड़ियों एवं दर्शकों के लिए यादगार बन गया।

editor
editorhttps://hindexpressnews.com
हिन्दी की भाषाई शुद्धता को बरकरार रखते हुए क्षेत्रीय खबरों को आप तक पहुंचाने का एकमात्र जरिया है।

Popular Articles

error: Content is protected !!