औरंगाबाद – जिले में इन दिनों थार चालकों का आतंक बढ़ता जा रहा है। ताज़ा मामला जिला मुख्यालय के दानी बिगहा पार्क के समीप का है। जहां 5 वर्षीय छात्र को बेलगाम थार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मासूम की घटना स्थल पर ही मौत हो गई घटना के विरोध में परिजनों ने सड़क जाम कर दिया।
औरंगाबाद शहर के दानी बिगहा पार्क के समीप एक थार चालक ने सड़क पार कर रहे 5 वर्षीय छात्र को कुचल दिया। जिससे छात्र की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना सोमवार की दोपहर की है। मृतक की पहचान देव थाना क्षेत्र के कंचनपुर चेता बिगहा गांव निवासी सुबोध सिंह के पुत्र आदित्य राज के रूप में हुई है। हादसे के बाद थार चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर नगर थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया।
स्कूल से लौटने के बाद सामान खरीदने निकला था आदित्य
सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेला गांव निवासी मृतक के मामा आयुष कुमार ने बताया कि आदित्य का पूरा परिवार वर्तमान में औरंगाबाद शहर के ब्लॉक कॉलोनी में किराये के कमरे में रहता है। आदित्य के पिता सुबोध सिंह दिल्ली में चालक हैं, जबकि इलाज से संबंधित काम से उसकी मां लालसा बनारस गयी हुई हैं। सोमवार की दोपहर आदित्य विद्यालय से कमरे पर लौटा था। इसके बाद वह फ्रेश होकर पैदल किराना दुकान से सामान खरीदने के लिए निकला। जैसे ही वह सड़क पार करने लगा, रमेश चौक की ओर से महाराणा प्रताप चौक की तरफ जा रही तेज रफ्तार थार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
थार की चपेट में आने से आदित्य गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही मूर्छित हो गया। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। शव देखते ही परिजन चीत्कार मारकर रोने लगे। घटना की सूचना नगर थाना पुलिस को दी गयी, जिसके बाद पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
नगर थाना पुलिस ने परिजनों से आवश्यक पूछताछ के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। परिजनों ने बताया कि आदित्य तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई सूर्या कुमार और बहन संजना कुमारी का भी सदर अस्पताल में रो-रोकर बुरा हाल रहा।
नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा ने बताया कि दुर्घटना में मासूम की मौत की जानकारी मिली है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को दाह संस्कार के लिए सौंप दिया गया है। टक्कर मारकर भागने वाले थार वाहन का पता लगाया जा रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जाएंगे। मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने थार वाहन की पहचान कर ली है।
परिवार में मचा कोहराम, कार्रवाई की मांग
मासूम की मौत के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, चेता बिगहा गांव में भी मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने जिला प्रशासन से आपदा राहत के तहत मुआवजा और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।


