दाउदनगर, औरंगाबाद, बिहार।
जिले के दाउदनगर प्रखंड के मनार पंचायत के जट्टा बिगहा गांव के रहने वाले आर्मी सूबेदार की डेंगू से मौत हो गई। मौत ड्यूटी के दौरान ही हुई थी। मौत के बाद उनके शव को घर पहुंचाया गया। जहां गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम संस्कार कराया गया। इस दौरान पूरे गांव का माहौल गमगीन था।
दाउदनगर के जट्टा बिगहा गांव निवासी आर्मी के जवान 34 वर्षीय विकास कुमार का शव जैसे ही पुणे से पैतृक गांव पहुंचा तो पूरा गांव शोकाकुल हो गया। नम आंखों से विकास कुमार को अंतिम विदाई दी गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार जट्टा बिघा गांव के निवासी उपेंद्र महतो के पुत्र विकास कुमार आर्मी में सूबेदार के पद पर पदस्थापित थे और वर्तमान में उनकी तैनाती पुणे में थी। डेंगू की चपेट में आकर पुणे में ही इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।



उनके निधन की खबर मिलते ही पूरा गांव शोकाकुल हो गया। परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल था। उनकी अंतिम यात्रा में विकास कुमार अमर रहें के नारे से पूरा वातावरण गूंजता रहा। अंतिम संस्कार के दौरान मृतक के 10 वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार ने मुखाग्नि दी। इस दृश्य को देखकर वहां मौजूद सभी लोगों की आंखें नम हो गई।
गया से रेजिमेंट आर्मी कोर की टुकड़ी ने आकर गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस दौरान काफी संख्या में सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता वहां पहुंचे हुए थे। जो शोकाकुल परिजनों से मिलकर संवेदना जताई ।
आर्मी में सूबेदार विकास कुमार के निधन के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी रूबी देवी रोते रोते बार बार बेसुध हो जा रही थी।
आर्मी के ऑफिसर एके सिंह ने बताया कि उन्हें डेंगू की शिकायत पर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।
इस दौरान भाकपा माले केंद्रीय कमिटी सदस्य एवं पूर्व विधायक राजाराम सिंह ,जदयू नेता चंद्र भूषण वर्मा ,अजय कुशवाहा, जाप सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह उर्फ चुन्नु यादव ,युवा राजद के प्रदेश सचिव अरुण कुमार यादव ,पूर्व मुखिया रामदेव सिंह ,अशोक सिंह, मनार पंचायत के मुखिया राजकुमार राम, यादव महासभा के अध्यक्ष एवं मुखिया प्रतिनिधि नागेंद्र यादव, भूतपूर्व सैनिक संघ के अनुमंडल अध्यक्ष जनेश्वर प्रसाद सिंह ,जिला पार्षद अरविंद यादव समेत अन्य लोगों ने उनके पैतृक घर पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार को ढाढस बंधाया।