औरंगाबाद, बिहार।
जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र के माया बिगहा गांव से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक विधवा महिला ने अपने ही पुत्र की हत्या कर दी और आंगन में शव को दफना दिया। 2 महीने पहले ही महिला के बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। वहीं 4 साल पहले पति की मौत हुई थी।
औरंगाबाद जिले मदनपुर थाना के माया बिगहा गांव से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक विधवा महिला ने अपने ही पुत्र की हत्या कर दी। बाद में पुत्र के शव को माया बीघा गांव से पश्चिम बने अपने अर्ध निर्मित मकान के आंगन में दफना दिया। मृतक शिवगंज निवासी स्वर्गीय विनय कुमार सिंह के 15 वर्षीय पुत्र मारुति नंदन कुमार बताया जाता है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना शनिवार की देर रात मदनपुर थाने की पुलिस को दी। सूचना पर पहुंचे मदनपुर थाना अध्यक्ष शशि कुमार राणा ने मकान को सील कर दिया और महिला कंचन देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रहे हैं।
पिछले रविवार से किशोर घर से था गायब
मृतक की हत्यारी मां कंचन देवी ने बताया कि उसका पुत्र पिछले रविवार से घर से गायब था। शनिवार को स्कूल का फीस जमा करने के लिए 750 रुपया दिया था लेकिन स्कूल में फीस जमा नहीं किया था और घर से पंद्रह सौ रुपया चुराकर रविवार से गायब था। काफी खोजबीन किया लेकिन पता नहीं चला। कुछ दिन के बाद जब अपने माया बीघा स्थित अर्ध निर्मित मकान में गई तो उसका शव वहां पड़ा हुआ था। पुलिस के डर से शव को घर के आंगन में ही दफन कर दी। हालांकि मदनपुर थाने की पुलिस महिला से घटना की पूछताछ कर रही है।
रविवार को पहुँची फॉरेंसिक टीम
रविवार की दोपहर पटना से आई फॉरेंसिक टीम घटनास्थल माया बिगहा पहुंची। जहां अर्धनिर्मित मकान में खुदाई कर लड़के के शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए सदर हॉस्पिटल भेज दिया गया।
दो माह पहले की थी अपनी ही बेटी की हत्या
इधर मृतक के चाचा उदय सिंह ने बताया कि 2 माह पहले ही अपनी 17 वर्षीय बेटी पुनीता कुमारी की भी हत्या कर दी थी और शव को जला दी थी।
पति की भी हुई थी संदेहास्पद मौत
बता दें कि 2018 में महिला के पति विनय कुमार सिंह का बीमारी से निधन हो गया था। ऐसा बताया जाता है कि उनकी मौत का कारण भी संदेहास्पद था। महिला का मायका गया जिले के गुरुआ थाना क्षेत्र के पचरुखिया गांव में है।
सूचना के बाद घटनास्थल पर सदर एसडीपीओ स्वीटी शेहरावत पहुंची और घटना का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिली कि शिवगंज से एक बालक काफी दिनों से गायब है। शक है कि उसकी मां ने ही हत्या कर शव को छुपा दिया है। प्री प्लान के साथ हत्या की गई है। महिला के साथ अन्य लोग भी शामिल हैं, जिसका अनुसंधान किया जा रहा है। पता चला है कि 2 माह पूर्व उसकी बेटी की भी मृत्यु हुई थी। जिसकी भी हत्या की गई थी। उस मामले की भी जांच पड़ताल की जा रही है।