औरंगाबाद, बिहार।
जिले के सभी 11 प्रखंडों में कराए गए व्यापार मंडल चुनाव का परिणाम घोषित कर दिया गया है। जहां गोह, रफीगंज और बारुण प्रखंड के व्यापार मंडल में तीसरी बार प्रत्याशियों ने जीत का परचम लहराया। वहीं नबीनगर प्रखंड में 3 वोट और औरंगाबाद सदर में 6 वोट से जीत हार का अंतर तय हुआ है।
सभी 11 प्रखंडों में जीत हार का अंतर इस प्रकार रहा है।
ये भी पढ़ें- दहेज के लिए नवविवाहिता की हत्या, 1 साल पहले हुई थी शादी, कार मांग रहा था पति
ओबरा व्यापार मंडल में श्रीकांत पांडेय ने कमलेश कुमार विकल को 331 मतों के अंतर से हराया। निवर्तमान अध्यक्ष अनीश कुमार उर्फ गिरीश तीसरे नम्बर पर रहे। श्रीकांत पांडेय को 737 वोट प्राप्त हुए। दूसरे स्थान रहे पूर्व शिक्षक कमलेश कुमार विकल को 406 मत प्राप्त हुए हैं।
देव व्यापार मंडल
में बड़ा उलट फेर हुआ है। यहां भी निवर्तमान अध्यक्ष सुनील सिंह 91 वोट प्राप्त कर तीसरे स्थान पर रहे हैं। यहां से अरविंद सिंह 150 वोट लेकर विजयी हुए हैं। दूसरे स्थान पर रणविजय सिंह रहे, जिन्हें 105 वोट प्राप्त हुए हैं। कुल मतदान 346 रहा था।
अम्बा प्रखण्ड
व्यापार मंडल में भी निवर्तमान अध्यक्ष तीसरे नम्बर पर रहे हैं। यहां से छोटेलाल पांडेय ने 65 वोट प्राप्त कर जीत हासिल की है। दूसरे स्थान पर रहे नरेंद्र कुमार सिंह ने 21 मत हासिल की। चौथे स्थान पर ललन सिंह ने मात्र 02 वोट हासिल किए। कुल 130 लोगों ने मतदान किया जिसमें 09 वोट रद्द किए गए।
हसपुरा प्रखण्ड व्यापार मंडल से निवर्तमान अध्यक्ष जयकृष्ण कुमार पटेल ने जीत दर्ज की है। उन्हें 94 वोट मिले। दूसरे स्थान पर रामनन्दन सिंह 44 वोट, तीसरे स्थान पर नागेंद्र सिंह 02 वोट और चौथे स्थान पर रहे गया प्रसाद को कोई भी मत प्राप्त नहीं हो सका है। कुल 140 लोगों ने मतदान किया था।
गोह प्रखण्ड व्यापार मंडल में लगातार तीसरी बार सुरेश प्रसाद यादव ने चुनाव जीता है। उन्होंने 153 मत प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर रहे धनंजय सिंह को 125 मत प्राप्त हुए। वहीं 06 मत अवैध घोषित किये गए।
नबीनगर प्रखण्ड व्यापार मंडल चुनाव में अंकोरहा पंचायत के पैक्स अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने मात्र 03 वोटों के अंतर से बाजी मारी है। उन्होंने निवर्तमान अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह को हराया है। उदय प्रताप सिंह बेलाई पंचायत के पैक्स अध्यक्ष भी हैं। यहां कुल 111 मतदाताओं ने वोट डाले। जिसमें संजय कुमार सिंह को 57 मत और उदय प्रताप सिंह को 54 मत प्राप्त हुए हैं।
मदनपुर प्रखण्ड व्यापार मंडल का चुनाव निर्विरोध रूप से निवर्तमान अध्यक्ष पीयूष रंजन उर्फ रिशु सिंह ने जीता है। उनके विरुद्ध किसी ने भी नामांकन नहीं किया था।
औरंगाबाद सदर प्रखंड व्यापार मंडल सीट से निवर्तमान अध्यक्ष महेश्वर सिंह एक बार फिर से विजयी रहे। उनका जीत का अंतर 6 मतों का रहा है। उन्हें 42 मत प्राप्त हुए। दूसरे स्थान पर रहे राणा प्रताप सिंह को 36 वोट, तीसरे स्थान पर चंचल कुमार सिंह को 23 मत प्राप्त हुए। कुल 108 लोगों ने मतदान किया, जिसमें 07 मत अवैध पाए गए।
दाउदनगर व्यापार मंडल चुनाव में सबसे बड़ा उलटफेर हुआ है। 3 बार से व्यापार मंडल का चुनाव जीत रहे सुजीत कुमार उर्फ चुन्नू यादव 512 मत लेकर भी चुनाव हार गए। उन्हें पूर्व अध्यक्ष रामबच्चन सिंह ने हराया। रामबच्चन सिंह को कुल 567 वोट मिले। तीसरे स्थान पर रहे देवेन्द्र सिंह यादव को कुल 170 मत मिले हैं। यहां कुल 1303 मतदाताओं ने वोट डाले थे।
बारुण प्रखण्ड व्यापार मंडल से मिथलेश कुमार यादव ने लगातार तीसरी बार चुनाव जीता है। उन्होंने पूर्व अध्यक्ष कैलाश सिंह यादव को 10 वोटों के अंतर से हराया। मिथलेश कुमार को 150 वोट और कैलाश सिंह को 140 वोट प्राप्त हुए हैं।
रफीगंज व्यापार मंडल चुनाव का परिणाम भी निवर्तमान अध्यक्ष के पक्ष में आया है। यहां से 3 बार से जीत रहे अशोक कुमार सिंह चौथी बार भी जीत का परचम लहराया है। उन्होंने मनोज सिंह को हराया। अशोक सिंह को 663 और मनोज सिंह को 535 वोट मिले। 43 वोट रद्द किए गए। इस तरह कुल 128 वोट से अशोक सिंह को विजयी घोषित किया गया। यहां कुल वोट 2053 है जिसमें से 1241 लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया है।
शुक्रवार को जिले के सभी 11 प्रखंडो में हुए व्यापार मंडल के चुनाव का परिणाम उसी दिन देर रात तक घोषित कर दिए गए। जहां कई क्षेत्रों से परिणाम चौंकाने वाले रहे।