औरंगाबाद, बिहार।
जिले के बारुण प्रखंड के ग्राम पिपरा पंचायत मुख्यालय पर स्थित प्राचीन अष्टभुजी माता मंदिर के प्रांगण में अष्टभुजी महोत्सव का समापन हुआ। इस कार्यक्रम की तैयारी पिछले एक माह से चल रही थी। महोत्सव के सचिव राजा दिलीप सिंह ने बताया कि पिपरा ग्राम में स्थित माँ अष्टभुजी का मंदिर में स्थापित उनकी मूर्ति हजारों वर्ष पुरानी है। इस मंदिर की खासियत यह है कि विंध्याचल के बाद यह दूसरा मंदिर है जहां अष्टभुजी माता विराजमान हैं।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शुरू हुआ महोत्सव
सोमवार को बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर वैदिक मंत्रोंच्चार के साथ पंडित अखिलेश मिश्रा व नीरज मिश्रा द्वारा विशेष पूजा अर्चना कराई गई। षोडशोपचार विधि से पूजा अर्चना में यजमान के रूप में कुंदन यादव, सुधीर पाल व अक्षय लाल गुप्ता उपस्थित थे।
स्कूली छात्र-छात्राओं ने किया कला का प्रदर्शन
अष्टभुजी महोत्सव के दूसरे सत्र में स्कूली बच्चों ने अपने कला का प्रदर्शन किया। जिसमें विजन क्लासेस धनौती के डायरेक्टर आनंद कुमार यादव के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्राओं ने दहेज उत्पीड़न से लेकर, कन्या भ्रूण हत्या तक पर जीवंत प्रस्तुति देकर समाज को गहरा संदेश दिया कि दहेज प्रथा और कन्या भ्रूण हत्या सामाजिक कुरीति है, सामाजिक पाप है।

इस दौरान मुखिया प्रतिनिधि विजय यादव ने बताया कि बेटा और बेटी में कोई अंतर नहीं है उनकी भी सिर्फ दो बेटियां हैं।
मुख्य अतिथि समेत सभी अतिथियों और आयोजन समिति को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में भाग लेने आए
मुख्य अतिथि नवीनगर विधायक डब्लू सिंह, जदयू के शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुनिल कुमार, नबीनगर विधायक प्रतिनिधि डॉ चंदन कुमार, औरंगाबाद विधायक प्रतिनिधि प्रदीप कुमार सिंह, पूर्व प्राचार्य प्रो. विजय कुमार सिंह, कांग्रेस नेता चुलबुल सिंह, सत्यचंडी धाम महोत्सव के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह,जिप प्रतिनिधि सत्येंद्र राम, हम के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील चौबे आयोजन समिति के अध्यक्ष पिपरा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि विजय सिंह यादव, सचिव राजा दिलीप सिंह, उपाध्यक्ष अजय कुमार, कोषाध्यक्ष रामेश्वर भगत,आलोक गुप्ता,संरक्षक अजीत मिश्रा, संयोजक सुरेश विद्यार्थी एवं अन्य लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
सभी अतिथियों को आयोजन समिति द्वारा पुष्प गुच्छ अंग वस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वहीं विजन क्लासेस धनौती के छात्राओं ने स्वागत गान गाकर अतिथियों का स्वागत किया।

सुनील कुमार और डब्लू सिंह ने किया वादा, महोत्सव को दिलाएंगे सरकारी दर्जा
जदयू शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार ने अपने संबोधन में शक्ति के विभिन्न रूपों का बखान किया। उन्होंने बताया कि देवी माँ की पूजा बहुत ही प्राचीन पद्धति है। जिन्हें शक्ति के रूप में पूजा जाता है। पिपरा में स्थापित अष्टभुजी मां की मूर्ति अत्यंत प्राचीन है इस अष्टभुजी धाम को वे राजकीय दर्जा दिलाने का वादा करते हैं। इस दौरान उन्होंने बुद्ध पूर्णिमा के मौके पर महात्मा बुद्ध की कहानी भी सुनाई।

मुख्य अतिथि नवीनगर विधायक विजय कुमार सिंह उर्फ डब्लू सिंह ने महोत्सव को सम्बोधित करते हुए कहा कि अष्टभुजी धाम को वे पर्यटन स्थल का दर्जा दिलाने का भरपूर प्रयास करेंगे। साथ ही महोत्सव को भी राजकीय दर्जा दिलाएंगे। वे हर संभव कोशिश करेंगे कि इस स्थल को विकसित करें। इस दौरान अजित मिश्र के विवाह मंडप की मांग पर उन्होंने सहमति जताते हुए कहा कि वे इस मांग को पूरा करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया कर्मी इस स्थल का जितना हो सके प्रचार करें जिससे इस धाम के बारे में लोगों को जानकारी हो सके।
प्रो विजय कुमार सिंह ने इस स्थल की प्राचीनता की चर्चा की। मुखिया प्रतिनिधि प्रदीप कुमार सिंह ने अष्टभुजी माता के उपासना को शक्ति उपासना का सर्वोपरि माध्यम बताया।

सांध्यकालीन सत्र में हुई गीत संगीत की शानदार प्रस्तुति
स्वागत और अभिभाषण के बाद संध्याकालीन सत्र में गीत संगीत की जोरदार प्रस्तुति दी गई। इस दौरान जिले की मशहूर दानिक संगीत महाविद्यालय के डायरेक्टर रविंद्र कुमार और उनकी टीम ने एक से बढ़कर एक संगीत की प्रस्तुति दी। दानिका महाविद्यालय के छात्राओं ने भक्ति गीत प्रस्तुत कर दर्शक दीर्घा में मौजूद हजारों दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस दौरान कई अन्य कलाकारों ने अपनी बेहतरीन प्रस्तुति दी। जिसमें कुशलेश समदर्शी, कुंदन सिंह, सनोज सागर समेत दर्जनों कलाकार हैं। जिन्होंने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी और माहौल में भक्ति रस से सराबोर कर दिया।
रात्रि 10:00 बजे हुआ समापन
कार्यक्रम की अध्यक्षता विजय सिंह यादव ने की जबकि संचालन की जिम्मेवारी पूर्व प्रधानाध्यापक राम प्रताप भारती ने निभाई। महोत्सव में आए अतिथियों को पुष्पगुच्छ,अंग वस्त्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। मौके पर पिपरा पैक्स अध्यक्ष नरेंद्र पांडेय, नीतीश पांडेय, राजेश रंजन यादव, पूर्व मुखिया प्रत्याशी रमेश यादव, वार्ड सदस्य झुनझुन शर्मा पंचायत समिति सदस्य सुनील यादव, शक्ति मिश्रा फाउंडेशन के अध्यक्ष शक्ति मिश्रा ,सौनोरा पैक्स के अध्यक्ष नीरज कुमार सिंह, मधुसूदन त्रिवेदी, मनेश यादव, समाजसेवी अनिल यादव, अर्जुन साव सहित अन्य उपस्थित थे।
व्यवस्थापकों का कार्य रहा सराहनीय
वही व्यवस्थापक के रूप में रामेश्वर भगत, राजा दिलीप सिंह, झुनझुन शर्मा वार्ड, प्रिंस मालाकार, मनेश यादव, आनंद कुमार यादव आदि का योगदान सराहनीय रहा।