औरंगाबाद-
जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र के महावर गांव के समीप लगी पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की मूर्ति असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया है। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रदेश स्तरीय नेताओं ने घटनास्थल का दौरा किया। लोजपा (रामविलास)के प्रदेश प्रधान महासचिव संजय पासवान, पार्टी के एससी-एसटी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष परशुराम पासवान एवं महिला प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष शोभा सिन्हा भी पहुंचे। श्री पासवान ने प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि पद्म विभूषण से सम्मानित पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़ा गया। वे इसकी कड़े शब्दों में निंदा करते हैं. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर कुछ असामाजिक तत्वों ने ऐसी घिनौनी हरकत की है. इस घटना से हम सभी आहत हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि इस घटना की जांच कराई जाए और दोषी को चिन्हित कर उसके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ प्रकाश चंद्रा ने कहा कि रामविलास पासवान सभी के दिल में वास करने वाले गरीब- गुरबों के नेता थे। रामविलास पासवान भारत के माटी के नेता थे। वे अमर रहेंगे. पार्टी के जिलाध्यक्ष चंद्रभूषण सिंह उर्फ सोनू,पूर्व जिप उपाध्यक्ष पंकज पासवान ,मनोज कुमार सिंह ,महेंद्र पासवान ,रमेश पासवान आदि नेता उपस्थित थे।
पार्टी के नहीं माटी के नेता थे रामबिलास पासवान,क्षतिग्रस्त प्रतिमा को करेंगे पुनर्स्थापित- डॉ प्रकाश चन्द्रा
