Tuesday, July 8, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

मुखिया समर्थकों से मारपीट के प्रतिशोध में हुई थी नबीनगर व्यापार मंडल अध्यक्ष की हत्या, मामले में दो गिरफ्तार

हिन्द एक्सप्रेस न्यूज़।

औरंगाबाद, बिहार।

जिले के नबीनगर व्यापार मंडल अध्यक्ष और अंकोरहा पंचायत के नवनिर्वाचित पैक्स अध्यक्ष के पति संजय सिंह की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में अंकोरहा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि संजय गिरी को मुख्य साजिशकर्ता बताया था। घटना में शामिल 2 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना का कारण
मुखिया समर्थकों से व्यापार मंडल अध्यक्ष समर्थकों की मारपीट बताया गया है।

देखें वीडियो –

राजनीतिक वर्चस्व और चुनावी रंजिश को लेकर पूर्व पैक्स अध्यक्ष संजय कुमार सिंह की हत्याकांड में दो हत्यारोपियों को माली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए हत्यारोपियों की पहचान नवीनगर प्रखंड अंतर्गत माली थाना क्षेत्र के खंभा गांव निवासी सत्यजीत गिरी उर्फ बाबु सत्या एवं एनटीपीसी खैरा थाना क्षेत्र के घुजा गांव निवासी कमेंद्र सिंह के रूप में की गई है। इनके पास से एक बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद किया गया है। दरअसल अंकोरहा पंचायत के पूर्व पैक्स अध्यक्ष संजय कुमार सिंह की हत्या राजनीतिक वर्चस्व और चुनावी रंजिश में हुई थी। घटना 30 नवंबर की देर शाम को घटित हुई थी। जहाँ माली थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनौरा पुल के समीप अज्ञात अपराधियों ने व्यापार मंडल अध्यक्ष को औरंगाबाद से घर लौटने के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी थी।

घटना का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक अम्बरीश राहुल ने बताया कि हत्याकांड की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल घटना स्थल पर पहुंची और एफएसएल की मदद से कार्रवाई शुरू की गई। घटना को लेकर मृतक के पुत्र आकाश सिंह के फर्द बयान पर माली थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई और कांड की गंभीरता को लेकर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वन – संजय कुमार पांडे के नेतृत्व में एसआइटी टीम का गठन किया गया।

गठित टीम द्वारा सीसीटीवी फूटेज का अवलोकन, आसूचना संकलन, मानव इंटेलिजेंस एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर कांड का उद्भेदन किया गया जिसमें दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुछताछ में अभियुक्तों ने अपना अपराध स्वीकार किया है। स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि पूरी घटना का मास्टर माइंड राकेश गिरी एवं संजय गिरी है।

घटना से पूर्व 25 नवंबर की शाम चार पहिया हटाने को लेकर मृतक संजय कुमार सिंह के लोगों के साथ संजय गिरी, राकेश गिरी, मंटू यादव, पिटू गिरी, विक्की गिरी एवं अन्य के साथ मारपीट की घटना घटित हुई थी जिसमें पिटू गिरी एवं सोनू गिरी जख्मी हो गए थे। इस घटना के बाद संजय गिरी ने राकेश गिरी के साथ मिलकर व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय सिंह की हत्या की साज़िश रची थी। इस साज़िश में विक्की गिरी, सत्यजीत गिरी उर्फ बाबू सत्या, कमेन्द्र सिंह, मंटू यादव एवं तीन अज्ञात लोग शामिल थे। इस दौरान 29 नवंबर को उनकी हत्या का प्रयास किया गया लेकिन असफल रहे। उस रात सभी साज़िशकर्ताओं ने संजय गिरी के घर पर भोजन किया था।

इसके बाद हत्याकांड के मास्टर माइंड राकेश गिरी द्वारा तय किया गया कि 30 नवंबर को हर हाल में वारदात को अंजाम देना है। इस मामले में अंकोरहा गांव से संतोष यादव एवं घुजा गांव से कमेंद्र सिंह ने व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय सिंह के लोकेशन की जानकारी दी। लेकिन उस दिन सुबह में असफल रहे। इस दौरान देर शाम घात लगाएं हत्यारोपियों ने सोनौरा पुल पर वारदात को अंजाम दिया।

एसपी अंबरीश राहुल ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अन्य अभियुक्तों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

editor
editorhttps://hindexpressnews.com
हिन्दी की भाषाई शुद्धता को बरकरार रखते हुए क्षेत्रीय खबरों को आप तक पहुंचाने का एकमात्र जरिया है।

Popular Articles

error: Content is protected !!