औरंगाबाद, बिहार। जिले को नक्सल मुक्त करने के बाद भी छिटपुट मामले आते रहते हैं। ताज़ा मामला आईईडी विस्फोटक बरामदगी से जुड़ा है। पचरुखिया जंगल के करीब डोभा पहाड़ी के समीप पगडंडी पर यह विस्फोटक लगाया गया था। सर्च अभियान के दौरान सीआरपीएफ जवानों ने इसे बरामद किया। जिसे नष्ट कर दिया गया।
जिले के मदनपुर प्रखंड के आजन थाना क्षेत्र में नक्सलियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष सर्च अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। जिला बल और सीआरपीएफ की 47 वीं बटालियन की एफ टुकड़ी की संयुक्त टीम ने पचरुखिया जंगल से आगे दक्षिण दिशा में विशेष सर्च अभियान चलाया। जहाँ करीब 2.5 किलोमीटर की दूरी पर करिबा डोभा पहाड़ के पास से एक आईईडी बरामद किया।
सर्च अभियान के दौरान संदिग्ध विस्फोटक मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेरे में ले लिया और आसपास के क्षेत्र में विशेष सर्च अभियान चलाया। बरामद आईईडी करीब 2.5 किलो का था जिसे बम निरोधक प्रक्रिया के तहत यथास्थान नियंत्रित विस्फोट कर नष्ट कर दिया गया।
इस दौरान सुरक्षाबलों ने विशेष सतर्कता बरती।
इस संबंध में औरंगाबाद सदर एसडीपीओ 02 आदित्य कुमार ने बताया कि औरंगाबाद एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा के निर्देश पर नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से क्षेत्र में लगातार विशेष सर्च अभियान चलाया जा रहा है। जंगल और पहाड़ी इलाकों में सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम द्वारा लगातार अभियान चलाकर संदिग्ध स्थानों की जांच की जा रही है। इसी अभियान के दौरान करिबा डोभा पहाड़ के पास से आईईडी बरामद हुआ, जिसे सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षाबलों की लगातार मौजूदगी और सघन सर्च अभियान जारी है। जंगल एवं पहाड़ी क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। अभियान के दौरान स्थानीय परिस्थितियों और सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।


