औरंगाबाद (राजेश रंजन)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत अनुग्रह नारायण सिंह नगर भवन (टाउन हॉल) में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कला एवं संस्कृति विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों और सांस्कृतिक संस्थानों के कलाकारों ने देशभक्ति गीत, संगीत और नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां देकर ऐसा समां बांधा कि पूरा सभागार राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर हो उठा।

कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीतों की गूंज, आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों और कलाकारों की भावपूर्ण अभिव्यक्ति ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को खास बना दिया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
दीप प्रज्ज्वलन से हुआ सांस्कृतिक समारोह का शुभारंभ
जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह, अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन उपेंद्र पंडित, अनुमंडल पदाधिकारी गौरव सिंह समेत अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।



इससे पहले अतिथियों का स्वागत और अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के उद्देश्य को भी रेखांकित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा केवल देश की पहचान नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव और बलिदान का प्रतीक है। अभियान के माध्यम से लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया गया।
देशभक्ति गीतों और नृत्य ने जीता दर्शकों का दिल
सांस्कृतिक कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों एवं सांस्कृतिक संस्थानों के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। अम्रपाली प्रशिक्षण संस्थान के कलाकारों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।
वहीं, डीएवी दानीबिगहा के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत और नृत्य के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनकी प्रस्तुति के दौरान पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा।
दानिका संगीत महाविद्यालय, सृजन कला केंद्र सहित अन्य विद्यालयों और सांस्कृतिक संस्थानों के कलाकारों ने भी देशभक्ति गीत, समूह नृत्य और संगीत की आकर्षक प्रस्तुतियां पेश कीं। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से देश के वीर जवानों, स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को प्रभावी ढंग से सामने रखा।
प्रस्तुतियों में दिखी ‘विविधता में एकता’ की तस्वीर
कार्यक्रम में प्रस्तुत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और ‘विविधता में एकता’ की खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली। अलग-अलग शैली के गीत और नृत्य के बावजूद सभी प्रस्तुतियों में देशप्रेम का भाव प्रमुख रहा।
देशभक्ति की धुनों पर कलाकारों के कदमताल ने कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में उत्साह भर दिया। दर्शक भी प्रस्तुतियों के साथ भावनात्मक रूप से जुड़े नजर आए और लगातार तालियों से कलाकारों का उत्साहवर्धन करते रहे।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान की भावना के साथ आयोजित इस सांस्कृतिक कार्यक्रम ने स्वतंत्रता दिवस के जश्न को और अधिक जीवंत बना दिया। आयोजन ने लोगों को राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और तिरंगे के सम्मान का संदेश भी दिया।
अधिकारी और कर्मी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी, वरीय उपसमाहर्ता रितेश यादव, वरीय उपसमाहर्ता बेबी प्रिया, जिला योजना पदाधिकारी अविनाश प्रकाश, जिला शिक्षा पदाधिकारी समेत जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन तक नगर भवन का माहौल देशभक्ति और उत्साह से भरा रहा। कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बना दिया।



