Saturday, March 7, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

डीडीसी अनन्या सिंह ने बालक गृह का किया निरीक्षण

औरंगाबाद – उप विकास आयुक्त अनन्या सिंह के द्वारा जिला निरीक्षण समिति के अन्य सदस्यों द्वारा जिले में संचालित बाल देखरेख संस्थानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में बाल गृह (बालक) यूनिट–01, वृहद आश्रय गृह, सुरक्षित स्थान तथा “आरोहण” विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान, औरंगाबाद का विस्तृत रूप से जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान संस्थानों में आवासित बच्चों के रहन-सहन, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, पोषण एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। समिति के सदस्यों ने बच्चों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं एवं संस्थान में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि “आरोहण” विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान, औरंगाबाद में 03 शिशु, बाल गृह यूनिट–01 वृहद आश्रय गृह में 36 बालक तथा सुरक्षित स्थान में 66 बालक आवासित हैं। उप विकास आयुक्त एवं समिति के अन्य सदस्यों द्वारा संस्थानों के समुचित संचालन, बच्चों की समुचित देखभाल, शिक्षा एवं मानसिक विकास के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश एवं सुझाव दिए गए।

सिविल सर्जन, औरंगाबाद द्वारा संस्थान में आवासित शिशुओं एवं बालकों के स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रतिनियुक्त चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ से प्राप्त की गई तथा नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के दौरान संस्थानों में साफ-सफाई, पौष्टिक भोजन की व्यवस्था, बच्चों की नियमित पढ़ाई तथा सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर विशेष बल दिया गया। प्रभारी अधीक्षक, सुरक्षित स्थान तथा बाल गृह (बालक यूनिट–01) वृहद आश्रय गृह को निर्देशित किया गया कि बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं अनुशासन का विशेष ध्यान रखा जाए तथा सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं।

जिला प्रशासन द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया कि बाल देखरेख संस्थानों में आवासित बच्चों के समग्र विकास, सुरक्षा एवं बेहतर भविष्य के लिए समय-समय पर निरीक्षण एवं आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाते रहेंगे।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (मु), सहायक निदेशक, बाल संरक्षण, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा), सदस्य किशोर न्याय परिषद, अध्यक्ष बाल कल्याण समिति तथा सामाजिक कार्यकर्ता श्री अरुण कुमार सिंह उपस्थित थे।

editor
editorhttps://hindexpressnews.com
हिन्दी की भाषाई शुद्धता को बरकरार रखते हुए क्षेत्रीय खबरों को आप तक पहुंचाने का एकमात्र जरिया है।

Popular Articles

error: Content is protected !!