औरंगाबाद (राजेश रंजन)। जिले के ओबरा प्रखंड के सननपुरा गांव में गुरुवार को समाजसेवी स्व. वशिष्ठ सिंह की स्मृति में एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा में सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। स्व. वशिष्ठ सिंह का 27 जून को निधन हो गया था। वे सननपुरा निवासी अरुण कुमार सिंह और पत्रकार आदित्य कुमार सिंह के पिता थे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और स्व. सिंह के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। वक्ताओं ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि स्व. वशिष्ठ सिंह ने डाक विभाग में अपनी पूरी सेवा के दौरान ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की मिसाल कायम की। यह सदैव स्मरणीय रहेगी। सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने अपना पूरा समय पैतृक गांव सननपुरा में सामाजिक कार्यों को समर्पित कर दिया। वे हमेशा जरूरतमंदों की मदद के लिए तत्पर रहते थे और गांव के विकास कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाते थे।
वक्ताओं ने कहा कि वशिष्ठ बाबू का व्यक्तित्व प्रेरणादायक था। उनका जाना पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। हमें उनके आदर्शों को अपनाकर ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि देनी चाहिए।
सभा का वातावरण अत्यंत भावुक रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य स्व. वशिष्ठ सिंह को याद करना और समाज को दिए गए उनके योगदान को स्मरण करना था। श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में बुद्धिजीवी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार, अधिवक्ता, डॉक्टर और आसपास के गांवों से आए ग्रामीण शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में कहा कि स्व. वशिष्ठ सिंह के रूप में क्षेत्र ने एक सच्चा समाजसेवी खो दिया है।



