औरंगाबाद, बिहार।
औरंगाबाद डीएम अभिलाषा शर्मा ने शनिवार को अपने कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया। जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को प्रत्यक्ष रूप से सुनना तथा उनके त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी निराकरण को सुनिश्चित करना रहा।
जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए नागरिकों द्वारा नाला निर्माण में रोक, पैक्स में धान खरीद के लक्ष्य में वृद्धि, दिव्यांगजनों की समस्याओं का समाधान, रास्ता एवं नाली पर अतिक्रमण हटाने, जल निकासी व्यवस्था सहित अन्य जनहित से जुड़े विषयों पर अपने-अपने परिवाद प्रस्तुत किए गए।
प्रमुख परिवादियों में रघुनाथ राम, पता–रामनगर पासवान चौक, मिश्र बिगहा, धबौल, पंचायत–बेला द्वारा नाला निर्माण कार्य में रोक लगाने के संबंध में आवेदन दिया गया। गिरिजा राम एवं अन्य, ए.पी.डब्लू.डी. संघ, औरंगाबाद द्वारा जिले में दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान हेतु प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया। मालती देवी, ग्राम–काला पहाड़, थाना–टण्डवा, नवीनगर द्वारा आशा एवं आशा फैसिलिटेटर चयन से संबंधित शिकायत दर्ज कराई गई।
इसी क्रम में जनेश्वर यादव एवं अन्य, ग्राम–फेसर द्वारा धान अधिप्राप्ति वर्ष 2025–26 में फेसर पैक्स का लक्ष्य बढ़ाने के संबंध में आवेदन दिया गया। वहीं मनीष कुमार सिंह, पता–रामाराज्य नगर, करमा रोड, औरंगाबाद द्वारा नगर पालिका, औरंगाबाद द्वारा ढाले गए रास्ता एवं नाली पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के संबंध में अपनी शिकायत दर्ज कराई गई। इसके अतिरिक्त अन्य नागरिकों द्वारा भी विभिन्न जनसुविधाओं एवं प्रशासनिक विषयों से संबंधित समस्याएं जनता दरबार में रखी गई।
जिला पदाधिकारी महोदया द्वारा सभी परिवादों को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक जांच कर तत्काल, निष्पक्ष एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता दरबार में प्राप्त प्रत्येक परिवाद की नियमित रूप से समीक्षा की जाएगी तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।



