औरंगाबाद(राजेश रंजन)। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा मैट्रिक का परिणाम घोषित करने की साथ ही औरंगाबाद जिला ने भी इतिहास रच दिया है। जिले से कुल 14 छात्रों ने टॉप टेन में जगह बनाई है।
जहां हाई स्कूल डुमरी का छात्र आकाश कुमार ने आसमान छूते हुए 483 अंक लाकर राज्य में आठवां स्थान प्राप्त किया है।
आकाश देव प्रखंड के दुलारे पंचायत के वन मंझौली गांव निवासी किसान बृजमोहन यादव का पुत्र है। जैसे ही बिहार सरकार द्वारा परीक्षा परिणाम घोषित किया गया, टॉपर्स की सूची में आकाश का नाम सामने आते ही पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई। आकाश, देव प्रखंड स्थित हाई स्कूल डुमरी का छात्र है। साधारण किसान परिवार से आने वाले आकाश ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है, जो अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा बन गया है।
बधाइयों का लगा तांता
परिणाम की जानकारी मिलते ही दुलारे पंचायत के मुखिया सह पक्ष अध्यक्ष विजेंद्र कुमार यादव, विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षक धनंजय गुप्ता, चंदन कुमार यादव, प्रदीप कुमार, गुड्डू कुमार, अनिल कुमार यादव और समाजसेवी संतोष यादव सहित कई गणमान्य लोग आकाश के घर पहुंचे। सभी ने मिठाई खिलाकर उसे बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पिछड़ेपन अब शिक्षा से होगा दूर
दुलारे पंचायत के मुखिया विजेंद्र कुमार यादव ने कहा कि अब हमारा क्षेत्र पिछड़ा नहीं रहा। यहां शिक्षा की ज्योत जल चुकी है। आने वाले समय में हमारे क्षेत्र से और भी प्रतिभाशाली छात्र निकलेंगे, जो देश स्तर पर नाम रोशन करेंगे। हमारे क्षेत्र का पिछड़ेपन अब शिक्षा से दूर होगा।
प्रेरणा बना आकाश
आकाश की इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद अगर मेहनत और दृढ़ संकल्प हो, तो कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।



