Sunday, March 15, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

ग्रामीणों ने पेश की अनोखी मिशाल, टूटे हुए पोस्टऑफिस भवन की जगह नई बिल्डिंग का किया निर्माण, आपसी चंदे से जुटाया फंड

औरंगाबाद(राजेश रंजन)। जिले के बारुण प्रखंड के जयगोविंद नगर मखरा में ग्रामीणों के सहयोग एवं युवा शक्ति संगठन के प्रयासों से पुनर्निर्मित पोस्ट ऑफिस बिल्डिंग का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बारुण नगर पंचायत अध्यक्ष इन्दु देवी, शंकर पांडेय, पूर्व मुखिया रामजीवन पासवान तथा पोस्टमास्टर प्रेम शंकर उपस्थित रहे।

इस सम्बंध में जानकारी देते हुए स्थानीय निवासी इंजीनियर मनीष कुमार ने बताया कि जयगोविंद नगर स्थित यह पोस्ट ऑफिस मूल रूप से 4 नवंबर 1950 को ही स्थापित किया गया था। समय के साथ भवन जर्जर और लगभग परित्यक्त हो गया था। गाँव के शिक्षित युवाओं और ग्रामीणों ने मिलकर इसे पुनः बनाने का संकल्प लिया और सामूहिक चंदे के सहयोग से पोस्ट ऑफिस भवन का पुनरनिर्माण कार्य पूरा किया।

इस कार्य में गाँव के शिक्षित युवाओं ने विशेष भूमिका निभाई है। प्रबंधन में शामिल आईआईटीयन मनीष यादव, दिल्ली हाई कोर्ट के अधिवक्ता अनीश तिवारी, प्रखण्ड हाउसिंग विभाग के सत्यदेव कुमार गुप्ता, डेहरी नगर निगम के संतोष यादव समेत अन्य ग्रामीणों ने इस कार्य को सफल बनाया। इन सभी ने गाँव के विकास के लिए एकजुट होकर यह उदाहरण प्रस्तुत किया कि यदि शिक्षित युवा आगे आएँ तो गाँव में भी बड़े सकारात्मक परिवर्तन संभव है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बारुण नगर पंचायत अध्यक्ष इन्दु देवी ने इस पहल की सराहना करते हुए समस्त ग्रामवासियों को बधाई दी। पूर्व मुखिया रामजीवन पासवान ने ग्रामीणों के इस सामूहिक प्रयास की प्रशंसा की और भविष्य में भी गाँव के विकास कार्यों में हर संभव सहयोग देने की बात कही।

इस अवसर पर शंकर पांडेय का भी विशेष योगदान याद किया गया। वे जयगोविंद पांडेय परिवार से हैं, जिनके परिवार द्वारा पोस्ट ऑफिस के लिए भूमि उपलब्ध कराई गई थी, जिसके कारण वर्षों पहले यहाँ डाकघर की स्थापना संभव हो सकी।

इंजीनियर मनीष यादव ने बताया कि युवा शक्ति संगठन गाँव के विकास के उद्देश्य से गठित एक सामाजिक संगठन है। संगठन का मुख्य लक्ष्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहायता करना है। इसके तहत संगठन के सदस्य ग्रामीणों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, राशन कार्ड, पेंशन तथा अन्य सरकारी योजनाओं के ऑनलाइन पंजीकरण में मदद करते हैं।

इसके साथ ही संगठन गाँव के विद्यालयों को भी सहयोग प्रदान कर रहा है, ताकि मखरा में बच्चों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।

उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर इस ऐतिहासिक पहल को गाँव के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

editor
editorhttps://hindexpressnews.com
हिन्दी की भाषाई शुद्धता को बरकरार रखते हुए क्षेत्रीय खबरों को आप तक पहुंचाने का एकमात्र जरिया है।

Popular Articles

error: Content is protected !!