औरंगाबाद, बिहार।
राजेश रंजन।
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और शांतिपूर्ण मतदान की दिशा में व्यापक तैयारियां पूरी कर ली है। जिले में कुल 2279 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 402 केंद्र नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में स्थित है। जिले में कुल 18,24,515 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में मतदान के समय में बदलाव किया गया है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अब सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा, जबकि सामान्य क्षेत्रों में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।
विधानसभा क्षेत्रवार संशोधित मतदान समय –
- गोह विधानसभा – 25 नक्सल प्रभावित केंद्रों पर सुबह 7 से शाम 4 बजे तक मतदान।
- ओबरा विधानसभा– सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान।
- नबीनगर विधानसभा– 26 प्रभावित केंद्रों पर सुबह 7 से शाम 4 बजे तक मतदान।
- कुटुंबा विधानसभा– 167 केंद्रों पर सुबह 7 से शाम 4 बजे तक मतदान।
- रफीगंज विधानसभा– 125 केंद्रों पर सुबह 7 से शाम 4 बजे तक मतदान।
- औरंगाबाद विधानसभा– 57 केंद्रों पर सुबह 7 से शाम 4 बजे तक मतदान। सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम
जिलाधिकारी ने बताया कि मतदान को शांति और निष्पक्षता से सम्पन्न कराने के लिए जिले में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की गई है। पिछले चुनावों की तुलना में इस बार अधिक चेक प्वाइंट स्थापित किए गए हैं—जहां 19 की जगह अब 25 चेक प्वाइंट बनाए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक अम्बरीश राहुल ने बताया कि जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में 18 एसएसटी कंपनी तैनात की गई हैं। झारखंड सीमा पर 7 अतिरिक्त नाके स्थापित किए गए हैं, जबकि गया, अरवल और रोहतास जिलों की सीमाओं पर 9 अन्य नाके बनाए गए हैं। जिले में कुल 34 नाके सक्रिय हैं, जहां शराब, अवैध लेन-देन और आपराधिक गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।इसके अलावा, चार डिस्पैच केंद्र बनाए गए हैं और लगातार एरिया डॉमिनेशन अभियान चलाया जा रहा है ताकि संवेदनशील क्षेत्रों में शांति बनाए रखी जा सके।
प्रशासन का संकल्प जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने कहा, “हम पूरा भरोसा दिलाते हैं कि जिले में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सम्पन्न होगा। प्रशासन हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।”
प्रेस वार्ता में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. गजाली और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रत्ना प्रियदर्शिनी भी उपस्थित रहे।