औरंगाबाद(राजेश रंजन)। जिले में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा को लेकर सारी तैयारियां पूरी हो गई है. औरंगाबाद जिले के बरडी खुर्द गांव के समीप इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है. कार्यक्रम शुक्रवार को दोपहर 1:00 बजे से आयोजित की गई है जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगभग 680 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे 262 योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे।
यात्रा के सम्बंध में औरंगाबाद जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री लगभग 1 बजे औरंगाबाद आएंगे और ढाई घंटे तक रुकेंगे। इस समृद्धि यात्रा के दौरान कुल 120 योजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा, जिनकी कुल प्राक्कलित लागत 55,506.7784 लाख रुपये है। वहीं कुल 142 योजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा, जिनकी कुल प्राक्कलित लागत 12,318.5076 लाख रुपये है। डीएम ने बताया कि कुल 262 योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया जाएगा।

सर्वप्रथम मुख्यमंत्री गयाजी से आगमन के पश्चात सोन नदी से पाइपलाइन के सहारे औरंगाबाद शहर में जलापूर्ति योजना की समीक्षा करेंगे। उसके बाद ऐनीकाट स्थित स्टेडियम की उद्घाटन करेंगे। उसके बाद कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री सभी।विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इसके बाद विभिन्न विकास योजनाओं से संबंधित स्टॉल का निरीक्षण करेंगे। उसके बाद जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा का कार्यक्रम जिले के बारुण प्रखंड के बर्डी खुर्द पंचायत में किया गया है। जो की जीटी रोड के किनारे है। कार्यक्रम स्थल पर हर खण्ड का व्यवस्थित इंतज़ाम किया गया है। जनसंवाद और समीक्षा बैठक के लिए व्यवस्थित ढंग से टेंट लगाया गया है। जहाँ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मौसम में गर्मी को देखते हुए पीने की पानी की भी जगह-जगह व्यवस्था की गई है।



